खुर्जा (बुलंदशहर) :शनिवार की देर शाम मोहल्ला कस्सावान में
बिरयानी के पैसों को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले।
इससे दोनों पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। उन्हें सरकारी
अस्पताल में उपचार को भेजा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों
पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों में
समझौते के प्रयास किए जा रहे हैं। वारदात की रिपोर्ट दर्ज नहीं
की गई है।
मोहल्ला कस्सावान में बिरयानी की दुकान चलाने वाले एक
दुकानदार का मोहल्ले के ही एक ग्राहक से बिरयानी के पैसों को
लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष के दर्जनों लोग
मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी डंडों से हमला बोल लिया। इससे
दोनों पक्षों के जांिहद, नफीस, जावेद, आबिद और अरसद घायल हो गए।
करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
वारदात की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस
ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। बाद में
दोनों पक्ष के लोग कोतवाली पर जा डटे। पुलिस का शिकंजा कसता
देख दोनों पक्षों ने पुलिस के पचड़े से बचने के लिए आपस में
समझौते के प्रयास शुरू कर दिए हैं। कोतवाली प्रभारी नरेशचंद
वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता का प्रयास चल रहा
है। समझौता नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।