फूहड़ सास बनी भारती
बताएं
फूहड़ सास बनी भारती
कमेडियन भारती सिंह को लोग लल्ली के नाम से भी जानते हैं। कई कॉमेडी
शो में अपने अंदाज से लोगों का दिल जीतने वाली भारती, अभी स्टार
प्लस के सीरियल प्यार में ट्विस्ट में पम्मी का रोल निभा रही हैं।
कोई कितना भी दुखी क्यों न हो, चुलबुली भारती की शरारत से उसे हंसी
आ ही जाती है। वे स्टार प्लस पर प्रसारित सीरियल प्यार में ट्विस्ट
में दर्शकों को फूहड़ सास के रूप में हंसा रही हैं। वे बताती हैं,
इस शो में मेरे कैरेक्टर का नाम परमिंदर कौर उर्फ पम्मी है। सीरियल
में मैं एक पंजाबी सास बनी हूं, जो अपने गरीब दामाद को हर समय ताने
मारती रहती है। हर काम को अलग ढंग से करने वाली पम्मी मेकअप करने
में अपनी बेटी को भी मात देती है।
क्या इस रोल को करने में कोई परेशानी भी हुई? भारती कहती हैं, मैं
अमृतसर की हूं, इसलिए पंजाबी टोन के साथ हिंदी में बात करने में
मुझे कोई परेशानी नहीं हुई। स्टैंडिंग कॉमेडी के लिए कई पुरस्कार
जीत चुकी भारती आगे कहती हैं, मैंने स्टेज शो या टीवी शो में कई
बार बच्ची या जवान महिला का रोल किया है, लेकिन बड़ी उम्र की औरत
की भूमिका अब तक नहीं निभाई। इसलिए जब इस सीरियल का प्रस्ताव आया,
तो मैंने हां कहने में देर नहीं की।
भारती ने अपने रोल में देसी अंदाज लाने के लिए खूब मेहनत की ताकि
पम्मी के रूप में दर्शक उन्हें पसंद करें। वे कहती हैं, मैं टीवी
शो के अलावा कॉमेडी के कई लाइव शो भी कर चुकी हूं। इन सभी में मेरा
परफॉर्मेस देखकर ही इस सीरियल के डॉयरेक्टर ने मुझे इस रोल के लिए
चुना है। इसमें मेरा रोल काफी अलग है। इसमें मैं बिल्कुल बेवकूफ
सास बनी हूं, जो हर समय फनी एक्टिविटीज करती रहती है।
यह पूछने पर कि क्या पम्मी का स्वभाव भारती से मिलता-जुलता है? वे
कहती हैं, मैं पम्मी की तरह चुलबुली और मुंहफट तो हूं, लेकिन उसकी
तरह कमीनी नहीं। भारती प्यार में ट्विस्ट के अलावा अन्य किसी
सीरियल में काम नहीं कर रही हैं। वे इसकी वजह बताती हैं, अब तक मुझे
कई सीरियल में काम करने का ऑफर मिल चुका है, लेकिन कोई कहानी पसंद
नहीं आई। मेरी सोच यही है कि व्यक्ति कम काम करे, लेकिन अच्छा करे।
इसलिए मैंने अभी तक कोई दूसरा सीरियल साइन नहीं किया है।
अपनी कॉमेडी से लोगों को खूब हंसाने वाली भारती को अभी तक दर्शकों
से खूब वाहवाही मिली है। अब देखना यह है कि पम्मी के रूप में वे
लोगों को कितना हंसाती हैं..!
Post Comment
|